अपने अपने दलित-आदिवासी मित्रों के E-mail, अपने विचार, सुझाव और अपने क्षेत्र के समाचार भेजने के लिए हमारे E-mail : tribalsvoice@gmail.com का उपयोग करें! हम आपके आभारी रहेंगे।

Tuesday 15 January 2013

छत्तीसगढ़ में 11 आदिवासी लड़कियों से रेप, यह एक खबर थी, जो छप गयी और दब गयी|

यह खबर निम्न साइट्स पर भी उपलब्ध है :-

1-हस्तक्षेप : एक ख़बर जो छप गयी और दब भी गयी क्योंकि…..
2-जनज्वार : स्त्री उत्पीड़न के जातिवादी सरोकार
3-आवाज़-ए-हिन्द : 11 आदिवासी लड़कियों से रेप, यह खबर छप गयी और दब गयी!
4-आर्यवर्त : 11 आदिवासी लड़कियों से रेप, कहाँ गयी खबर ??
5-खबरकोश : 11 आदिवासी लड़कियों से रेप, यह खबर छप गयी और दब गयी
6-जनज्वार : स्त्री उत्पीड़न के जातिवादी सरोकार
7-प्रेस नोट डॉट इन : 11 आदिवासी लड़कियों से रेप, यह खबर छप गयी और दब गयी
8-रजनामा : 11आदिवासी लड़कियों से रेप की खबर छपी भी और दबी भी !
9-जर्नलिस्ट कम्युनिटी : 11 आदिवासी लड़कियों से रेप की खबर, जो दब गई
10-क्रांति 4 पीपुल : 11 आदिवासी लड़कियों से रेप, यह खबर छप गयी और दब गयी

कांकेर| छत्तीसगढ़ के आदिवासी बहुल कांकेर जिले में 11 आदिवासी बच्चियों से बलात्कार का सनसनीखेज मामला सामने आया है| घटना नरहरपुर ब्लॉक के झलियामारी गांव स्थित कन्या आश्रम का है| जहां लगभग दो सालों से 11 आदिवासी नाबालिग बच्चियों से हर रात बलात्कार किया जा रहा था| पुलिस ने आरोपी शिक्षाकर्मी मन्नूराम गोटा और चौकीदार दीनानाथ को गिरफ्तार कर लिया है| इसके अलावा आश्रम की अधीक्षिका बबीता मरकाम को भी निलंबित कर जांच शुरु की गई है| पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपी लंबे समय से आदिवासी बच्चियों के साथ बलात्कार कर रहे थे| बच्चियां डर के मारे इस बात को किसी से बता नहीं पा रही थी| शुक्रवार 05 जनवरी, 13 को बच्चियों ने बलात्कार की शिकायत महिला एवं बाल विकास अधिकारी को की| इसके बाद डीएम अलरमेल मंगई डी ने तत्काल मामले की जांच की और शिकायत को सही पाया| इसके बाद नरहरपुर थाने में शिक्षाकर्मी मन्नूराम गोटा और चौकीदार दीनानाथ के खिलाफ भादसं की धारा 376, 2ख एवं 34 के तहत मामला दर्ज किया गया|

यह एक खबर थी, जो छप गयी और दब गयी|

डॉ. पुरुषोत्तम मीणा 'निरंकुश'

अखबारों में 11 आदिवासी लड़कियों के साथ हुए बलात्कार की छोटी सी ये खबर छपी| अत: यह एक आम खबर थी, जो छप गयी और दब गयी| बात-बात पर बयान देने वाली भारत के राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्षा ममता शर्मा की आँख में इस खबर को पढकर आंसू नहीं छलके, न आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविन्द केजरीवाल को इस घटना में कोई अनहोनी, अन्याय या शोषण की बात दिखी! अन्ना हजारे भी इस घटना के बाद अनशन पर बैठने के बजाय मौन साधे बैठे हैं| प्रतिपक्ष की नेता सुषमा स्वराज, जो बात-बात पर संसद में महिलाओं के अधिकारों के लिये सशक्त तरीके से बोलती देखी जाती हैं, उनको और उनकी पार्टी को ये घटना बोलने लायक नजर नहीं आयी| सारी शक्तियों की केन्द्र और सत्ताधारी गठबन्धन की प्रमुख सोनिया गांधी, प्रधानमन्त्री डॉ. मनमोहन सिंह और राहुल गॉंधी भी इस पर एक शब्द नहीं बोले! खुद को हिन्दुत्व और संस्कृति के ठेकेदार मानने वाले राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ, विश्‍व हिन्दू परिषद, बजरंद दल, दुर्गा वाहिनी जैसे अनेक हिन्दूवादी संगठन भी इस घटना पर मौन साधे हुए हैं| बाबा रामदेव और श्रीश्री रविशंकर की आँख में भी आदिवासी कन्याओं के साथ घटित घटना से आँसू की एक बंद भी नहीं टपकी| सुप्रीम कोर्ट जो राष्ट्रहित में बात-बात पर संज्ञान लेकर कार्यवाही करता रहता है, उसके न्यायमूर्तियों को भी आदिवासी लड़कियों के साथ लगतार वर्षों तक हुए बलात्कार में कुछ भी अनहोनी नजर नहीं आयी! भय, भूख और भ्रष्टाचार से मुक्त प्रशासन देने की वकालत करने सत्ता हासिल करने वाली भाजपा की छत्तीसगढ में करीब एक दशक से सरकार है, जिसके राज में हर दिन आदिवासियों के खिलाफ लगातार अत्याचार होते रहते हैं| जिनमें सोनी सोढी का मामला भी बहशी दरिन्दों की कहानी खुद-ब-खुद बयां करता है| इस या उस घटना पर भाजपा के नेता तो मौन हैं ही, प्रदेश सरकार एवं प्रशासन स्वयं आदिवासियों पर अत्याचार कर रहे है| लेकिन इस सबसे दुर्भाग्यपूर्ण तो ये है कि आदिवासियों के तथाकथित समाज सेवक, राजनेता, जननेता, कर्मचारी नेता और ब्यूरोक्रेट्स केवल मौन साधे हुए हैं| आखिर क्यों? क्या आदिवासियों के इंसान होने पर शक है? क्या आदिवासी असंवेदनशील होते हैं? क्या आदिवासियों का कोई नेतृत्व नहीं है| इस सब का मतलब ये है कि आदिवासियों को जब चाहो, जहॉं चाहो, जैसे चाहो इस्तेमाल करो और भूल जाओ? दिल्ली में एक लड़की से गैंग रैप होने पर, इसे मीडिया इस प्रकार से प्रसारित और प्रचारित किया किया गया है, मानो कोई राष्ट्रीय आपदा आ गयी है| देश के तथाकथित बड़े लोग इस प्रकार से पेश आते हैं, मानो पूरा देश हिल रहा है| भाजपा की ओर से संसद का विशेष-सत्र बुलाये जाने की मांग उठने लगती है| लेकिन दर्जनों आदिवासी लड़कियों को हर दिन वर्षों तक हवस का शिकार बनाने की अन्दर तक हिला देने वाली क्रूरतम और अमानवीय घटना मीडिया, सामाजिक कार्यकर्ताओं, राजनेताओं, ब्यूराके्रट्स, बुद्धिजीवियों, धर्म व संस्कृति के ठेकेदारों और न्यायपालिका सहित किसी के लिये भी चिन्ता का विषय नहीं है! आखिर क्यों? इसके लिये कोई तो जिम्मेदार होगा? केवल इतना कह देने से काम नहीं चल सकता कि लोगों की संवेदनाएँ समाप्त हो गयी हैं या देश पर मनुवादियों का कब्जा है, इसलिये आदिवासियों को ये सब तो सहना ही होगा! सवाल ये है कि संवेदनाएँ समाप्त क्यों हो गयी हैं या देश पर मनुवादी ताकतों का कब्जा क्यों है? मनुवादियों की धार्मिक, सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनैतिक गुलामी की बेड़ियों से मुक्ति के लिये हमने आजादी के बाद से आज तक किया क्या है? यदि कुछ भी नहीं किया तो मनुवादी आपको क्यों मुक्त करेंगे? सच तो ये है, इसके लिये और कोई नहीं, बल्कि आदिवासी राजनेता और बड़े-बड़े अफसर जिम्मेदार हैं, जिन्हें सिर्फ और सिर्फ अपने व्यक्तिगत विकास और सुख-सुविधाओं की परवाह है, उन्हें अपने वर्ग और लोगों की कोई परवाह नहीं है| जो केवल लाल बत्तियों और वातानुकूलित सुविधाओं के भूखे हैं| जो संविधान द्वारा प्रदत्त आरक्षण का तो लाभ उठा रहे हैं, लेकिन वे इस बात को भूल गये हैं कि उन्हें सरकार और प्रशासन में प्रदान किया गया आरक्षण मात्र व्यक्तिगत विकास करने, सम्पत्ति और एश-ओ-आराम जुटाने के लिये नहीं, बल्कि अपने वर्ग का पूरी संवैधानिक तथा वैधानिक ताकत के साथ प्रतिनिधित्व करने के लिये दिया गया है|

इस घटना की गहराई से पड़ताल की है, समाचार विस्फोट के श्री संजय स्वदेश ने और अन्दर तक हिला देने वाली सच्चाई आपके सामने यहॉं पेश है| यदि हम में से किसी का भी जमीर जिन्दा है, हमें आदिवासी होने का फक्र या जरा भी शर्म है तो हमें इसे पढकर कम से कम चिरनिद्रा से जागने का प्रयास तो करना चाहिये| आज नहीं तो कल सबका नम्बर आने वाला है| एसपी राजेश मीणा को जेल में डालकर राजस्थान की सबसे ताकतवर समझी जाने वाली मीणा जनजाति के लोगों को भी मनुवादियों ने एक झटके में उनकी औकात बता दी|
==================================================

सेक्स शिक्षा के नाम पर हर रात होता था यौन शोषण
(छत्तीसगढ़ आदिवासी कन्या छात्रावास बलात्कार काण्ड)

कन्या छात्रावास जिन्हें छत्तीसगढ की हिन्दूवादी भारतीय जनता पार्टी की सरकार आश्रम का नाम देती है, उस कन्या छात्रावास के कमरों में दरवाजों में चिटकनी नहीं होने के कारण आदीवासी लड़कियॉं अपने कमरे के दरवाजे में धागा लपेटकर रखते थी, ताकि रात्री में कोई उनके कमरे में न आ सके, लेकिन उन मासूमों को नहीं मालूम था कि यह कच्चा धागा उनकी अस्मत को नहीं बचा सकता था...! समाचार विस्फोट के श्री संजय स्वदेश द्वारा कड़े परिश्रम से जुटाये गये तथ्यों पर आधारित विश्‍लेषण!


अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली केन्द्र सरकार ने मध्यप्रदेश को तोड़कर अलग से छत्तीसगढ राज्य का गठन इसलिये किया गया था, जिससे कि इस राज्य में विकास से पिछड़ गये आदिवासियों का विकास हो सके और उनके हालात सुधारे जा सकें| झारखण्ड राज्य भी इसी मकसद से बनाया गया था|

लेकिन आदिवासी बाहुल्य राज्य छत्तीसगढ़ के आदिवासियों की भावी पीढ़ितों का भविष्य कैसा है? यह प्रदेश में हाल में खुलासे हुए आश्रम कांड में ११ बच्चियों से कुकर्म की घटना से अनुमान लगाया जा सकता है! कुकर्म की शिकार मासूम इतनी भोली और कम उम्र की बालिका हैं कि उन्हें वे ये भी नहीं जानती हैं कि उनके साथ हुआ क्या है? छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के नरहरपुर स्थित आदिवासी आश्रम में कई वर्षों से यौन शिक्षा (सेक्स एजूकेशन) बताकर आदिवासी लड़कियों का यौन शोषण शिक्षक और चौकीदार करते रहे|

कांकेर छात्रावास बलात्कार का आश्रम

श्री संजय स्वदेश जो कुछ खोजा है, उसका आशय और निष्कर्ष है कि करीब करीब छह माह पहले की बात है| इस आश्रम की एक (आदिवासी) मासूम बच्ची गर्भवती हो जाती है, वह भी महज करीब दस साल की उम्र में, लेकिन उसमें गर्भ सहने की क्षमता नहीं! परिणामस्वरूप उस मासूम को असमय मौत की नींद सुला दिया जाता है, लेकिन प्रशासन नहीं जागता है| पीड़ित गरीब किन्तु अपने मान-सम्मान को बचाना अपना धर्म समझने वाला आदिवासी परिवार इस क्रूर हादसे पर लोक लिहाज के कारण मौन साध लेता है, तो भारतीय जनता पार्टी की सरकार का प्रशासन यह कहकर अपने आपको पाक साफ घोषित करता है कि उस मासूम की मौत दूसरी शारीरिक बीमारी और एनीमिया कारण हुई थी|

घटना के खुलासे के बाद मृत लड़की की मां और चाचा ने मौत की नींद सो चुकी गर्भवती लाडली का गर्भावस्था का फोटो स्थानीय मीडिया को उपलब्ध कराया है| हालांकि यह लिखना बेशर्मी की हद होगी, लेकिन सच्चाई के लिए ही सही कह कहना और लिखना जरूरी होता है कि एनीमिया और गर्भावस्था के कारण फूले पेट के आकार में अंतर होता है| फोटो देख कर हकीकत समझा जा सकता है| (बच्ची और उसके परिवार की पहचान उजागर नहीं हो इस बात के कारण फोटो प्रकाशित नहीं किया जा सकता है|) चूंकि मामला दुष्कर्म का है और कानून की तकनीक के अनुसार जब तक मेडिकल में पुष्टि नहीं होती, आरोपी पाक साफ होंगे|

दुष्कर्मियों की हवस की आग बुझाते-बुझाते मौत की नींद सो चुकी गर्भवती मासूम आदिवासी बच्ची का तो अब मेडिकल नहीं हो सकता है, लेकिन ११ अबोध बालिकाओं की मेडिकल में बलात्कार किये जाने की पुष्टि हो चुकी है| लिहाजा, अबोध आदिवासी बालिकाओं के नारकीय जीवन की पीड़ा का सहज ही अनुमान लगाया जा सकता है, बशर्ते कि किसी की संवेदनाएँ जिन्दा हों? 

छत्तीसगढ राज्य का प्रशासन ऐसे मामलों में कितना गंभीर है, इसका अनुमान इस बात से लग सकता है कि जब छह माह पहले इस मुद्दे को लेकर पंचायत बैठी और विभाग के अधिकारी के पास मामला पहुंचा तो कुकर्म के आरोपी शिक्षक से लिखित में माफी मांगने भर से उसे छोड़ दिया गया था| अब मामला उजागर हो गया है तो छत्तीसगढ़ के तमाम कन्या आश्रमों (छात्रावासों में) से धड़ाधड़ पुरुषकर्मी हटाए जा रहे हैं| पर हालात देखकर ऐसा नहीं लगते हैं कि इससे भविष्य में भी ये अबोध आदिवासी बालिकाएं कुकर्मियों की हवस की आंच से सुरक्षित रहेंगी! 

इस तरह का मामला कुछ वर्ष पहले भी छत्तीसगढ के एक अन्य आश्रम में भी उजागर हुआ था, लेकिन तब भी बात आई गई हो गई थी| अभी तक ही की स्थिति देखकर लगता नहीं कि प्रदेश सरकार इस मामले को गंभीरता से ले रही है| 

मुख्यमंत्री ने महज इतना ही कहा है कि दोषियों को बख्ता नहीं जाएगा, कड़ी से कड़ी सजा दी जाएगी| अमूमन ऐसे बयान किसी भी कांड के लिए सटीक होते हैं| राज्य के हर जिले में कन्या आश्रम हैं, जहां आदिवासी लड़कियों को पांचवीं तक आवासीय सुविधा के साथ पढ़ाई की सुविधा का दावा किया जाता है, लेकिन इन आश्रमों की बदहाली हमेशा ही राम भरोस रही है|

हिलाने वाली हकीकत 

कांकेर के जिस नरहरपुर आश्रम से इस जघन्य कुकर्म कांड का खुलासा हुआ है, उस आश्रम का हाल जानिए| एक ओर आश्रम के मुख्य द्वार और कमरों में चिटकनी तक नहीं थी, वहीं आश्रम से अधीक्षिका हमेशा छात्रावस से नदारद रहती थी| कुल मिलाकर इन बच्चियों का रखवाला आश्रम में कोई नहीं होता था| यह तथ्य जांच में धीरे-धीरे सामने आ रहे हैं| नरहरपुर के आदिमजाति कन्या आश्रम में रात होते ही बच्ची अपने कमरों में जाकर सो जाती थी| 

इसी दौरान अविवाहित शिक्षाकर्मी मन्नूराम गोटी और चौकीदार दीनानाथ नागेश बच्चों के बिस्तर में आकर सारी रात हैवानियत का नंगा नाच खेलते थे| जांच में यह बात सामने आई कि इन आरोपियों ने बच्चियों को इस घृणित काम को सेक्स एजूकेशन का नाम दिया हुआ था| वह बच्चियों के साथ कुकर्म करते समय उन्हें शारीरिक अंगों की भाषा पढ़ाने वाले अंदाज में बताते भी थे| वहीं मासूम बच्चियों ने भी इसे अपनी पढ़ाई के अन्य पीरियडों की तरह ही लिया और वह जाने अनजाने इस अत्याचार को वर्षों तक सहते रही| बच्चियों के मन में पीड़ा के बावजूद यह बात घर कर गई थी कि उन्हें अगले माह परीक्षा के बाद अपने गांव के स्कूल में चले जाना है| इसी के चलते आश्रम में वर्षों से बच्चियों के साथ चल रहा यह अमानवीय व्यवहार इतने वर्षों तक प्रकाश में नहीं आ सका|

कच्चे धागे से बांधते थे दरवाजे 

आश्रम के कमरों में दरवाजों में चिटकनी नहीं होने के कारण बच्ची अपने कमरे के दरवाजे में धागा लपेटकर रखते थे, ताकि कोई उनके कमरे में न आ सके, लेकिन उन मासूमों को नहीं मालूम था कि यह कच्चा धागा उनकी अस्मत को नहीं बचा सकता था|

टटोल कर जानते थे, कौन है अस्मत का लुटेरा 

अपने शिक्षक और चौकीदार को ये बच्चियॉं रात्री कें घने अंधेरे में केवल टटोलकर पहचान लेते थे कि उनके साथ सोने वाला उनका शिक्षक है या चौकीदार| अपने टीचर के मोटे हाथ के चलते वह पहचानते थे और चौकीदार को वह पतले हाथों के चलते पहचान लेते थे| इस प्रकार की जानकारी उन्होंने पूछताछ में दी है|
साभार : संजय स्वदेश, समाचार विस्फोट एवं जनज्वार|

No comments:

Post a Comment